KORBA:जन्मदिन पर रफ्तार मौत लेकर आई,दो दोस्तों की दर्दनाक मौत

0 पिकनिक मना कर लौटते समय ओवरब्रिज से गिरे दोनों युवक

कोरबा। बाइक सवार दो युवक ओवरब्रिज से नीचे गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक युवक का कल रविवार को जन्मदिन था। दोनों जन्मदिन मना कर घर लौट रहे थे। घटना रविवार की देर शाम उरगा थाना क्षेत्र की है। दोनों युवक ओवरब्रिज से लगभग 25 फ़ीट नीचे गिर गए। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवकों को जिंदा समझ कर 112 के माध्यम से अस्पताल के भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। युवकों का नाम आकाश 22 वर्ष और नितेश 26 वर्ष है।

दोनों युवक सर्वमंगला चौकी अंतर्गत भूविस्थापित ग्राम पाली पडनिया के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी देते हुए मृतक के चाचा रूप कुमार कंवर ने बताया कि आकाश का रविवार को जन्मदिन था और वह अपने दोस्तों के साथ भैसमा के पास पिकनिक मनाने गया था। नितेश और आकाश दोनों ने उससे घूमने जाने की बात कह कर बाइक मांगी। दोस्तों के साथ पिकनिक से वापस लौट रहे थे कि भैसमा ओवरब्रिज से गुजरते वक्त बाइक तेज रफ्तार में होने के कारण सामने से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई और दोनों ओवरब्रिज से करीब 25 फीट नीचे जा गिरे। फोन पर परिजनों को जानकारी मिली कि 112 की मदद से अस्पताल ले जाया गया है। परिजन मौके पर पहुंचे तब घटनाक्रम की जानकारी हुई। बाइक पुल के ऊपर पड़ी हुई थी, वहीं दोनों नीचे जा गिरे थे। दोनों के सिर पर गंभीर चोट आई जिस वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।उरगा पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर मामले की जानकारी लेते हुए मर्ग जांच प्रारम्भ कर दी है।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *