KORBA: CEO को भारमुक्त करने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञाप
कोरबा। जिले में पदस्थ सहायक परियोजना अधिकारी एवं वर्तमान में जनपद पंचायत पाली के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोहनीश आनंद देवांगन को कोरबा जिले से भारमुक्त करने की मांग को लेकर बरपाली निवासी लखन गोस्वामी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के आदेश दिनांक 20 फरवरी 2026 के तहत मोहनीश आनंद देवांगन का स्थानांतरण कोरबा से सरगुजा किया गया था। आदेश में उन्हें जिला पंचायत सक्ती में प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में पदस्थ करते हुए निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी दिए गए थे।
आवेदक लखन गोस्वामी ने अपने आवेदन में कहा है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के लगभग चार माह बाद भी संबंधित अधिकारी को कोरबा जिले से भारमुक्त नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि मंत्रालय के आदेश के बावजूद अब तक कार्यवाही नहीं होना प्रशासनिक स्तर पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
ज्ञापन में कलेक्टर से अनुरोध किया गया है कि शासन के आदेशों का पालन सुनिश्चित करते हुए मोहनीश आनंद देवांगन को जनपद पंचायत पाली के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से कोरबा जिले से भारमुक्त किया जाए, ताकि स्थानांतरण आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
लखन गोस्वामी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, कोरबा लोकसभा सांसद तथा रामपुर विधायक को भी ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रेषित की है।

