जांजगीर-चाम्पा और सूरजपुर की घटना ने दिल दहलाया, दोनों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं,जांच जारी
जांजगीर-चाम्पा/ सूरजपर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा और सूरजपुर जिले में दिल दहला देने वाले दो घटनाक्रम ने दो मासूम की जान ले ली। एक घटना में पिता ने अपने डेढ़ साल के बेटे को ईंट से अनेक बार प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया तो दूसरी तरफ दुधमुंही मासूम के रोने से गुस्से में आई मां ने उसे पटक कर मार डाला। दोनों आरोपियों की मानसिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है।
पहला मामला इस प्रकार है कि घटना दिनांक 25 मार्च के सुबह करीबन 10:30 बजे आरोपी शिवाजी निषाद अपने लड़का अनुराग को गोद में लेकर जल्दी – जल्दी एक खंडहर मकान की ओर जाते दिखा। उसे देखकर प्रार्थिया सीता बाई निषाद, शिवाजी के पीछे -पीछे गई तो देखी कि शिवाजी अपने लड़का अनुराग को खंडहर मकान में ईट के टुकड़ा से सिर पर बार -बार हत्या करने की नीयत से मार रहा था। यह देखकर प्रार्थिया ने मना कर बीच बचाव की तो आरोपी द्वारा प्नार्थिया के सिर को भी ईंट के टुकड़े से मारा। तब प्रार्थिया अपने नाती अनुराग को शिवाजी के कब्जे से छुडाकर घर लाई। घटना घर वालों को बताकर ईलाज कराने जा रहे थे कि रास्ते में अनुराग की मृत्यु हो जाने से घर लौट आये। शिवाजी द्वारा हत्या करने की नीयत से बच्चे के सिर पर ईट के टुकड़ा से मारपीट करने से आई चोट के कारण मृत्यु होने सम्बन्धी रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 132/2026 धारा 103(1),115(2) भारतीय न्याय संहिता पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना पामगढ़ द्वारा आरोपी शिवाजी निषाद पिता विष्णु निषाद 35 साल, निवासी हिर्री केवट मोहल्ला, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किये जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक सावन सारथी थाना प्रभारी पामगढ़ , सउनि संतोष बंजारे, रामदुलार साहू प्रआर राजेश कोशले, आरक्षक राघवेंद्र , भुवनेश्वर पटेल, विनोद मनहर, लखेश्वर पाटले का सराहनीय योगदान रहा।
दूसरी घटना सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जयपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, महिला घर में खाना बना रही थी, उसी दौरान बच्चा लगातार रो रहा था। बच्चे के रोने से गुस्साई मां ने आपा खो दिया और मासूम को जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मानसिक रूप से अस्वस्थ मां को गिरफ्तार कर लिया।

